छिपा हुआ संघी

जब 2019 में अयोध्या में बाबरी मस्जिद मसले पर सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आया तो कई लोगों को अचरज हुआ था कि उदार और धर्म निरपेक्ष माने जाने वाले न्यायाधीश चन्द्रचूण भी उस अजीबोगरीब फैसले में भागीदार थे जिसके तहत बाबरी मस्जिद विध्वंस को एक गंभीर अपराध घोषित करने के बाद उस जगह को मंदिर बनाने के लिए उन्हीं अपराधियों को सौंप दिया गया। यही नहीं, जानकार लोगों ने तभी कहा था कि भाषा-शैली को देखते हुए उस फैसले के लेखक चन्द्रचूण ही प्रतीत होते थे। 
    
न्यायाधीश चन्द्रचूण के प्रति लोगों का अचरज तब संदेह में तब्दील हो गया जब लोगों ने पाया कि मुख्य न्यायाधीश रहते हुए उन्होंने ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वेक्षण करने की यह कह कर इजाजत दे दी कि 1991 का धर्मस्थल संबंधी कानून यह पता लगाने को प्रतिबंधित नहीं करता कि उसका चरित्र क्या है यानी वह मंदिर है कि मस्जिद। माननीय न्यायाधीश ने यह स्पष्ट नहीं किया कि जब यह कानून धर्मस्थल के चरित्र में परिवर्तन को प्रतिबंधित करता है तो उस चरित्र का पता लगाने से क्या हासिल होगा? यह फैसला और कुछ नहीं बल्कि ज्ञानवापी मस्जिद मसले में हिन्दुओं का पक्ष और मजबूत करने का फैसला था। 
    
अभी हाल में माननीय चन्द्रचूण की एक कार्रवाई ने लोगों के संदेह को यकीन में बदल दिया। देश के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने सपत्नीक भगवा वेश में द्वारकाधीश मंदिर में माथा टेका, बाकायदा फोटो और वीडियो जारी करवाये और घोषित किया कि देश भर में मंदिरों पर लहराने वाले भगवा झंडे उन्हें देश की एकता और न्याय का संदेश देते हैं। आज की तारीख में इस तरह का आचरण बहुत सचेत तौर पर स्वयं को भगवा कतारों में शामिल करने की घोषणा है। इस आचरण से मुख्य न्यायाधीश ने स्वयं को देश की भगवा ब्रिगेड का सदस्य घोषित कर दिया। 
    
इसी समय मुख्य न्यायाधीश ने इस बात का खुलासा किया कि क्यों बाबरी मस्जिद के फैसले पर किसी न्यायाधीश ने हस्ताक्षर नहीं किये थे। उन्होंने बताया कि सभी पांचों न्यायाधीशों ने यह मिलकर तय किया था कि इस फैसले को न्यायालय का फैसला होना चाहिए, किन्हीं न्यायाधीशों का नहीं। यानी पांच न्यायाधीशों ने अपने पाप को समूचे सर्वोच्च न्यायालय के मत्थे मढ़ दिया। 
    
उपरोक्त चीजों की रोशनी में यह भी ज्यादा स्पष्ट हो जाता है कि अभी हाल के धारा-370 के फैसले में माननीय न्यायाधीशों को देश में जम्मू-कश्मीर के एकीकरण की इतनी चिन्ता क्यों थी। हिन्दू फासीवादियों को ही जम्मू-कश्मीर की जनता की भावना के बदले जम्मू-कश्मीर के भारत में एकीकरण की ज्यादा चिन्ता रही है। इस एकीकरण का मतलब हमेशा ही हिन्दुओं का एकीकरण और हिन्दू भारत में एकीकरण रहा है। भगवा झंडे को देश की एकता का प्रतीक बताकर माननीय चन्द्रचूण ने अपने को इसी एकता और एकीकरण का पक्षधर घोषित कर दिया। 
    
इसी से यह भी स्पष्ट हो जाता है कि पिछले सालों में चिकनी-चुपड़़ी बातों के बाद सर्वोच्च न्यायालय में सारे फैसले सरकार के पक्ष में क्यों आते रहे हैं। यहां डर-भय के साथ वैचारिक पक्षधरता का भी मामला है। भगवा झण्डे को देश की एकता और न्याय का प्रतीक मानने वाला भगवा सरकार के खिलाफ कैसे जा सकता है? 
    
कोई कह सकता है हिन्दू फासीवादियों के डर-भय से उच्चतम न्यायालयों के न्यायाधीश भी रीढ़ विहीन हो गये हैं। वे सरकार के खिलाफ जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। आखिर कौन न्यायाधीश लोया की गति को प्राप्त होना चाहेगा?
    
यह बात ठीक हो सकती है। लेकिन यहां बात डर-भय से आगे जाने की है। यदि यह डर-भय से किया जा रहा है तब भी बात आगे की है। भगवा वेश धारण कर मंदिर में जाना, फोटो और वीडियो जारी करना या जारी होने देना तथा अंत में भगवा झंडे के बारे में एक खास तरह का वक्तव्य देना यूं ही नहीं है। इसका एक निश्चित संदेश है। और यह संदेश चारों ओर जा चुका है। 
    
इस संदेश का एक मतलब स्पष्ट है। बहुत सारे उदारवादी और वाम-उदारवादी हिन्दू फासीवाद के तांडव पर लगाम लगाने के लिए सर्वोच्च न्यायालय से, खासकर माननीय चन्द्रचूण से आस लगाये हुए थे। अब यह आस टूट गयी है। यह अच्छा ही हुआ है। राजनीतिक लड़़ाईयां न्यायालय के जरिये नहीं लड़ी जातीं। न्यायालय तो सत्ता के साथ चलते हैं। हिन्दू फासीवादियों के खिलाफ लड़ाई गलियों-सड़कों की, चौक-चौराहों की है। इसे मजदूर वर्ग के नेतृत्व में मजदूरों-मेहनतकशों की एकता से ही लड़ा जा सकता है। किसी भी तरह का भ्रम इस मामले में खतरनाक है। इस तरह का भ्रम टूट जाना अच्छा है।  

आलेख

/punjivadi-jantantra-and-chunavi-corruption

अठारहवीं सदी के इंग्लैण्ड में होने वाले चुनावी भ्रष्टाचार पर गूगल से ‘सर्च’ करने पर उसका ए आई स्वतः ही यह जवाब हाजिर कर देता हैः 

/election-aayog-hindu-fascist-and-loktantra

एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं की कटौती की गई। अब तक 13 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। जबकि 5-6 करोड़ लोगों को संदेह की आड़ में नोटिस भेजे गए। 13 करोड़ में से 70 प्रतिशत वो लोग थे जिन्हें स्थानांतरित या अनुपस्थित बता दिया गया। इस तरह बड़े स्तर पर मनमानी छंटनी की जा रही है। इसमें सबसे बड़ी संख्या अल्पसंख्यक, दलित, आदिवासी, महिलाओं और मलिन बस्तियों में रहने वालों की है।

/uddharak-ideology-ki-talaas

इस मजदूर आंदोलन की विचारधारा मार्क्सवाद का यह स्पष्ट कहना था कि महान फ्रांसीसी क्रांति के जमाने से ही पूंजीपति वर्ग ने अपने समाज के लिए जो आदर्श घोषित कर रखा है- स्वतंत्रता, समता, बंधुत्व का आदर्श- वह पूंजीवाद की निजी सम्पत्ति के कारण कभी भी हासिल नहीं किया जा सकता। पूंजी के रूप में निजी सम्पत्ति के रहते स्वतंत्रता का मतलब होगा बाजार में खरीद-बेच की स्वतंत्रता, समता का मतलब होगा बाजार में खरीददार व विक्रेता की समता तथा बंधुत्व का मतलब होगा खरीद-बेच की व्यवस्था पर सहमति।

/war-and-diplomacy-uthal-puthal-se-bhari-duniyaa

गाजापट्टी में इजरायल की कत्लेआम करने की मुहिम जारी है। इजरायली यहूदी नस्लवादी न तो किसी समझौते को मान रहे हैं और न ही वे अपनी विनाश लीला को रोक रहे हैं। वे नस्लीय सफाये की मुहिम चला रहे हैं। इसके जवाब में हमास और अन्य प्रतिरोध संगठन इजरायली कब्जाकारी सेना पर प्रहार कर रहे हैं। 

/amerika-ka-iran-par-operation-d-day-hatasha-ka-parinam

अपने व्यापक नुकसान को देखते हुए अमरीकी साम्राज्यवादियों ने अप्रैल महीने में युद्ध विराम किया और फिर पाकिस्तान की मध्यस्थता में एक ज्ञापन समझौता किया। इस ज्ञापन समझौते में अधिकांशतः ईरान की मांगें स्वीकार की गयीं। यह वस्तुतः अमरीका की पराजय थी। इस समझौते के थोड़े ही दिनों बाद अमरीका ने इसका उल्लंघन शुरू कर दिया। इजरायल ने एक भी दिन इस समझौते को नहीं माना।