हिंदू फासीवाद के विरुद्ध व्यापक अभियान

देश में लगातार गहरा रहे हिंदू फासीवाद के खतरे के मद्देनजर जुलाई-अगस्त माह में इसके विरोध में एक अभियान संगठित किया गया। यह अभियान इंकलाबी मजदूर केंद्र, परिवर्तनकामी छात्र संगठन, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र और क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया गया।
    
अभियान हेतु हिंदू फासीवाद की असलियत और इसके वर्ग चरित्र को उजागर करते हुये एक पर्चा और पुस्तिका भी जारी की गई थी। पर्चे में हिंदू फासीवादियों की तुलना जर्मनी के नाजीवादियों-फासीवादियों से करते हुये कहा गया है कि ‘‘हिंदू राष्ट्र की मांग हिंदू फासीवादियों की मांग है। यह मांग कुछ वैसी ही मांग है जैसी कभी जर्मनी में नाजीवादी-फासीवादियों की मांग थी। हिटलर इन नाजीवादियों का नेता था’’।
    
‘‘हिंदू फ़ासीवादियों के यहां ‘जर्मन नस्ल’ का स्थान ‘‘हिंदू’’ ले लेता है। जर्मनी को ‘‘शुद्ध’’ करने के लिये हिटलर जैसे यहूदियों को अपना सबसे बड़ा दुश्मन बताता और उनका क़त्लेआम करवाता था ठीक वैसे ही हिंदू फासीवादी अपने निशाने पर मुस्लिम और ईसाइयों को लेते हैं। हिटलर जैसे जर्मनी की सभी समस्याओं की जड़ यहूदियों को बतलाता था ठीक वैसे ही ये हिटलर की नकल कर उसके तर्क का इस्तेमाल कर भारत की समस्याओं की जड़ धार्मिक अल्पसंख्यकों को बताते हैं’’।
    
‘‘हिटलर की तरह इन्हें भी लोकतंत्र की बात करने वाले, बराबरी-न्याय की बात करने वाले, मानवाधिकार या मजदूर अधिकार की बात करने वालों से खुली नफरत है। हिटलर की तरह इन्हें भी कम्युनिस्ट फूटी आंख नहीं सुहाते हैं। इनके लिये जो कोई भी मजदूर, किसान, बेरोजगार नौजवान, औरतों या कश्मीरी-नगा-मणिपुरियों या फिर शोषितों-उत्पीड़ितों की बात करता है तो वह टुकड़े-टुकड़े गैंग का सदस्य है। ‘अर्बन नक्सल’ है’’।
    
‘‘हिटलर पूरी दुनिया पर शासन करना चाहता था। भारत के हिंदू फासीवादी भी पूरी दुनिया का ‘गुरू’ बनना चाहते हैं।’’।
    
इसी पर्चे और पुस्तिका (जिसमें फासीवाद, उसके वर्गीय चरित्र व इतिहास और हिंदू फासीवाद को अधिक विस्तार से समझाया गया है) के साथ घर-घर जाकर, नुक्कड़ सभाओं और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह पूरा अभियान दिल्ली, हरियाणा के फरीदाबाद और गुड़गांव, उत्तराखंड में गढ़वाल मंडल के देहरादून, हरिद्वार और कोटद्वार व कुमाऊं मंडल के काशीपुर, रामनगर, कालाढूंगी, हल्द्वानी, लालकुआं-बिंदुखत्ता, रुद्रपुर और पंतनगर तथा उत्तर प्रदेश के बरेली, मऊ, बलिया, देवरिया इत्यादि जगहों पर संचालित किया गया।
    
जिस समय यह अभियान चल रहा था उसी दौरान मणिपुर में कुकी जनजाति की महिलाओं को मैतेई भीड़ द्वारा निर्वस्त्र कर घुमाने का वीडियो जारी हुआ। मानवता को शर्मसार कर देने वाली इस बर्बर घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। हरियाणा के फरीदाबाद में 23 जुलाई को हिंदू फासीवाद विरोधी अभियान के दौरान मणिपुर की इसी घटना पर जगह-जगह नुक्कड़ सभा कर मणिपुर के हालातों को विस्तार से बताया जा रहा था कि वहां 200 से भी अधिक लोग मारे जा चुके हैं और 250 से भी अधिक चर्च आग के हवाले कर दिये गये हैं, कि पचास हजार से भी अधिक लोग अपना घर-बार छोड़कर शरणार्थी शिविरों में रह रहे हैं और महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है, कि आर एस एस - भाजपा ने मणिपुर को हिंदुत्व की नई प्रयोगशाला में तब्दील कर दिया है और यही वह हिंदू राष्ट्र है जो कि ये पूरे देश में कायम करना चाहते हैं।
    
इससे बौखलाये हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लम्पट तत्वों ने अभियान पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड़ से हमला किया जिसमें इंकलाबी मजदूर केंद्र के तीन कार्यकर्ता- संतोष, नीतेश और दीपक- गंभीर रूप से घायल हो गये। इसी दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी तुरंत ही पलटवार कर दो लम्पटों की पिटाई कर दी जबकि बाकी लम्पट भागने में सफल हो गये।
    
इस मामले में पुलिस वालों का व्यवहार भी हिंदू फासीवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं सरीखा ही रहा और उन्होंने लंपट तत्वों का बचाव करते हुये उल्टा संगठन पर ही सवाल खड़ा कर दिया कि ‘‘किसकी अनुमति से प्रचार अभियान चला रहे हो ?’’ काफी दबाव पड़ने पर ही पुलिस ने तहरीर ली और मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। परिणामस्वरूप अपराधियों को आसानी से जमानत मिल गई।
    
इसी तरह अभियान के दौरान फरीदाबाद में ही एक अन्य जगह पर कुछ लंपट तत्वों से तीखी नोकझोंक हुई। इसके उलट फरीदाबाद की मजदूर-मेहनतकश जनता ने अभियान को सराहा। मणिपुर की घटना पर महिलाओं ने खुलकर अपनी संवेदना को पीड़ित महिलाओं के साथ व्यक्त किया।
    
हरियाणा के ही गुड़गांव-मानेसर में भी अभियान के दौरान दो जगहों पर हिंदू फासीवादी संगठनों से जुड़े लम्पटों के साथ तीखी नोकझोंक हुई।  जबकि उत्तराखंड के पंतनगर में 30 जुलाई को अभियान के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप किया और इंकलाबी मजदूर केंद्र के तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और दबाव बनाने की कोशिश की कि दोबारा यह पर्चा नहीं बांटोगे लेकिन संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की इस मांग को खारिज कर दिया। जल्द ही पंतनगर और रुद्रपुर से संगठन के लोग पंतनगर थाने पर एकत्र हो गये; और तब कुछ देर की बहस के बाद पुलिस को बिना शर्त तीनों लोगों को रिहा करना पड़ा। और इसके अगले दिन 31 जुलाई को उधमसिंह के शहीदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूरों और महिलाओं ने भागीदार कर पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन को साफ संदेश दे दिया कि यदि वे हिंदू फासीवादी संगठनों के कारकूनों सरीखा व्यवहार करेंगे तो उसे यूं ही नहीं बर्दाश्त किया जायेगा। 
    
इसी तरह हल्द्वानी में पुलिस ने व्यवधान पैदा किया। जनता ने अपनी समस्याओं खासकर महंगाई और बेरोजगारी पर बातचीत करते हुये अभियान को सराहा। इस व्यापक अभियान के दौरान 6 हजार पुस्तिकायें और करीब 50 हजार पर्चे का वितरण किया गया।
    
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि आर एस एस-भाजपा जिस हिंदू राष्ट्र को कायम करने की बात कर रहे हैं वह असल में एक हिंदू फासीवादी निजाम होगा; जिसमें लोकतंत्र, जो कि असल में पूंजीपति वर्ग की छिपी तानाशाही होती है, के आवरण को उतार फेंक पूंजीपति वर्ग के सबसे प्रतिक्रियावादी हिस्सों की नंगी-आतंकी तानाशाही कायम की जायेगी। मोदी सरकार देश की खेती-किसानी को कारपोरेट पूंजीपतियों और बहुराष्ट्रीय निगमों के हवाले करने के मकसद से तीन कृषि कानून लाकर (जिन्हें किसानों ने अपने ऐतिहासिक आंदोलन के बल पर वापस करवा कर ही दम लिया) और आजादी के बाद मजदूरों पर सबसे बड़ा हमला करते हुये 4 लेबर कोड्स पारित कर और शिक्षा के निजीकरण के दस्तावेज नई शिक्षा नीति के साथ अपने घोर कारपोरेट परस्त रुख को पहले ही स्पष्ट कर चुकी है। यदि ये हिंदू फासीवादी निजाम कायम करने में सफल हो गये तो जनता को हासिल जनवादी अधिकारों- संगठन बनाने, सभा करने, ट्रेड यूनियन गठित करने, सरकार की नीतियों और फैसलों पर अपना विरोध प्रदर्शित करने इत्यादि सभी को छीन लेंगे।  
    
अभियान में लोगों को बताया गया कि जब तक पूंजीवादी व्यवस्था कायम है तब तक फ़ासीवाद का खतरा भी कायम रहेगा; क्योंकि पूंजीवाद का संकट ही असल में ऐसी ताकतों को उभरने का मौका देता है। अतः आवश्यक है कि हम अपने संघर्षों को पूंजीवादी व्यवस्था के विरुद्ध जारी क्रांतिकारी संघर्षों से जोड़ें।     -विशेष संवाददाता
 

आलेख

/west-asia-mein-badalata-shakti-santulan-samajhautaa-gyapan-ke-baad-ki-sthiti

अमरीकी साम्राज्यवादी और इजरायली शासक सोचते थे कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व का सफाया करने के बाद ईरानी जनता अपनी सत्ता के विरुद्ध उठ खड़ी होगी और इसका फायदा उठाते हुए अमरीकी साम्राज्यवादी अपनी किसी कठपुतली को सत्ता में स्थापित कर देंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ईरानी अवाम अपनी सत्ता के समर्थन में मजबूती से खड़ी हो गई। यहां से अमरीकी साम्राज्यवादियों को समझ में आ गया कि वे ईरान पर कब्जा नहीं कर सकते।

/war-anay-sadhanon-se-politics-ka-hi-jaari-roop-hai

अमेरिकी साम्राज्यवादी पश्चिम एशिया में और सारी दुनिया में अपनी साम्राज्यवादी जकड़न को खत्म नहीं होने देना चाहेंगे। वे इसके खिलाफ हर संभव प्रयास करेंगे। एक हमले में मुंह की खाने के बाद वे सबक लेकर आगे हमला करने से तौबा नहीं करेंगे। यह उनकी साम्राज्यवादी फितरत के खिलाफ होगा। यानी वे ईरान पर काबू पाने के लिए दूसरे तरीकों की खोज में लग जायेंगे।

/emerjency-tab-aur-ab

पिछले दस-बारह सालों में हिन्दू फासीवादियों ने इस अनौपचारिक आपातकाल की शैली को काफी विकसित किया है। कहां किस छेद का इस्तेमाल करना है, इसमें उन्होंने महारत हासिल की है। इनके इस कृत्य में न्यायपालिका की सहभागिता से यह काम और आसान हो गया है। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनर्रीक्षण इस सबका विशिष्ट उदाहरण है।

/piketi-ka-global-justice-project-samraajyavad-ki-pairokari

जैसा कि इंटरव्यू के शीर्षक से स्पष्ट है कि पिकेटी एक ऐसी दुनिया का ख्वाब परोसते हैं जिसमें बगैर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाये ज्यादातर लोग खुशहाल बन सकते हैं। इस सुन्दर दुनिया को हासिल करने के लिए वे किसी वर्ग संघर्ष बढ़ाने या क्रांति की वकालत नहीं करते। बल्कि वे कुछ नुस्खे सुझाते हैं जिस पर चल कर मौजूदा पूंजीवादी-साम्राज्यवादी दुनिया को ही खुशनुमा बनाया जा सकता है। 

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।