एक और पेपर लीक: छात्र आक्रोशित

Published
Sat, 05/16/2026 - 15:50
/ek-aur-paper-leak-student-akroshit

पूरे देश भर में मेडिकल स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित नीट की परीक्षा पेपर लीक की वजह से रद्द कर दी गयी है। 3 मई को हुई इस परीक्षा में लगभग 23 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। एन.टी.ए. द्वारा आयोजित करायी जाने वाली प्रवेश परीक्षाओं के पेपर लीक होने की यह पहली घटना नहीं है बल्कि बीते कुछ वर्षों में इस संस्था द्वारा आयोजित लगभग हर परीक्षा पेपर लीक व अन्य विवादों में फंसती रही है। 
    
इस बार परीक्षा से कुछ वक्त पहले ही एक गैस पेपर हस्तलिखित बिकने लगा। इस गैस पेपर में परीक्षा से जुड़े ज्यादातर प्रश्न मौजूद थे। 30 लाख रु. से लेकर 30 हजार रु. तक इस पेपर को बेचा गया। जब इसकी खबर फैली तो अंततः सरकार को परीक्षा रद्द कर सीबीआई जांच का आदेश देना पड़ा। पहले भी एन टी ए द्वारा आयोजित परीक्षाओं के पेपर लीक की जांच होती रही है पर स्थिति बदलने का नाम नहीं ले रही है। यह अब हर वर्ष दोहराये जाने वाला प्रहसन बन चुका है कि पहले पेपर लीक होता है फिर जांच के नाम पर कुछ छात्र-अधिकारी-नेता पकड़े जाते हैं और फिर जांच को भुला दिया जाता है। 
    
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को देश में प्रवेश परीक्षाओं को आयोजित करने, पेपर छापने, परीक्षा कराने की जिम्मेदारी मिली है। पर यह संस्था निजी प्राइवेट एजेंसी को पेपर छापने, परीक्षा कराने का ठेका देकर अपना काम पूरा कर लेती रही है। एनटीए के अधिकारियों से लेकर इन प्राइवेट एजेंसियों के तार कोचिंग माफियाओं-नेताओं व पेपर लीक कराने वालों से जुड़े रहते रहे हैं। जो पेपर लीक करा भारी पैसा कमाते रहे हैं। इस तरह परीक्षा प्रक्रिया का निजीकरण हर वर्ष लाखों-करोड़ों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। 
    
अक्सर ही पेपर लीक से जुड़े माफियाओं से संघ-भाजपा से जुड़े लोगों की सांठ-गांठ मिलती रही है। व्यापम से लेकर नीट, नेट सरीखी ढेरों परीक्षाओं के पेपर हर वर्ष लीक होते रहे हैं। दरअसल सरकार में बैठे लोगों के हस्तक्षेप, कोचिंग माफियाओं की मिलीभगत, निजी एजेंसी के लोगों के भ्रष्टाचार के बगैर इतनी बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक नहीं हो सकते। 
    
एनटीए की इस लापरवाही का खामियाजा हर वर्ष लाखों-करोड़ों आम छात्र उठाते हैं। मेडिकल प्रवेश हेतु ये छात्र वर्ष भर काफी पैसा-समय खर्च कर तैयारी करते हैं। ये पूरी मेहनत से पेपर देने के लिए लम्बी यात्रा करते हैं। और जब पेपर हो जाता है तब उन्हें पता चलता है कि पेपर लीक होने के कारण रद्द हो गया है। इस तरह सरकार लाखों छात्रों के साथ क्रूर मजाक कर रही है। 
    
शिक्षा के व्यवसायीकरण-निजीकरण के साथ परीक्षाओं के केन्द्रीयकरण का यह अनिवार्य परिणाम निकलना था कि पेपर लीक हों। जब लाखों खर्च कर तैयारी कराने वाली कोचिंगों, लाखों डोनेशन लेकर प्रवेश देने वाले कालेजों की भरमार हो तो भला पेपर बेच कर मुनाफा कमाने का धंधा पनपने से कैसे रुक सकता था। अक्सर तो कोचिंग कारोबारी-मेडिकल कालेज-एनटीए के अधिकारी व भ्रष्ट नेताओं सबके हित पेपर लीक करने व भारी कमाई में एक साथ जुड़ जाते रहे हैं। संघ-भाजपा के नेताओं की जल्द अमीर बनने की चाहत अतिरिक्त कारक बनती रही है। देश के पैमाने पर एक परीक्षा होने से लीक हुए पेपर का भाव व कमाई दोनों बढ़ जाते रहे हैं। ढेरों दफा पेपर बिक्री छोटे दायरे में होती रहती है पर जब ये दायरा लांघ जाती है तो परीक्षा रद्द करना मजबूरी बन जाता है। 
    
इस तरह महज कुछ अधिकारियों-नेताओं के भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा, उन्हें जेल में डाल समस्या की विकरालता कम की जा सकती है पर समस्या खत्म नहीं हो सकती। समस्या के खात्मे के लिए शिक्षा के निजीकरण-व्यवसायीकरण पर रोक लगाने, निजी एजेंसी बंद करने के साथ पूंजीवादी व्यवस्था का अंत जरूरी है। 
    
छात्र लम्बे वक्त से एनटीए को खत्म करने, निजी एजेंसियों को ठेके पर रोक लगाने की मांग करते रहे हैं पर सरकार सुनने को तैयार नहीं है। अब एक बार फिर छात्रों का गुस्सा सड़कों पर उतर रहा है और सरकार एक बार फिर मामले को शांत कर ठंडे बस्ते में डाल अगले पेपर लीक की तैयारी कर रही है। 

आलेख

/west-asia-mein-badalata-shakti-santulan-samajhautaa-gyapan-ke-baad-ki-sthiti

अमरीकी साम्राज्यवादी और इजरायली शासक सोचते थे कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व का सफाया करने के बाद ईरानी जनता अपनी सत्ता के विरुद्ध उठ खड़ी होगी और इसका फायदा उठाते हुए अमरीकी साम्राज्यवादी अपनी किसी कठपुतली को सत्ता में स्थापित कर देंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ईरानी अवाम अपनी सत्ता के समर्थन में मजबूती से खड़ी हो गई। यहां से अमरीकी साम्राज्यवादियों को समझ में आ गया कि वे ईरान पर कब्जा नहीं कर सकते।

/war-anay-sadhanon-se-politics-ka-hi-jaari-roop-hai

अमेरिकी साम्राज्यवादी पश्चिम एशिया में और सारी दुनिया में अपनी साम्राज्यवादी जकड़न को खत्म नहीं होने देना चाहेंगे। वे इसके खिलाफ हर संभव प्रयास करेंगे। एक हमले में मुंह की खाने के बाद वे सबक लेकर आगे हमला करने से तौबा नहीं करेंगे। यह उनकी साम्राज्यवादी फितरत के खिलाफ होगा। यानी वे ईरान पर काबू पाने के लिए दूसरे तरीकों की खोज में लग जायेंगे।

/emerjency-tab-aur-ab

पिछले दस-बारह सालों में हिन्दू फासीवादियों ने इस अनौपचारिक आपातकाल की शैली को काफी विकसित किया है। कहां किस छेद का इस्तेमाल करना है, इसमें उन्होंने महारत हासिल की है। इनके इस कृत्य में न्यायपालिका की सहभागिता से यह काम और आसान हो गया है। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनर्रीक्षण इस सबका विशिष्ट उदाहरण है।

/piketi-ka-global-justice-project-samraajyavad-ki-pairokari

जैसा कि इंटरव्यू के शीर्षक से स्पष्ट है कि पिकेटी एक ऐसी दुनिया का ख्वाब परोसते हैं जिसमें बगैर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाये ज्यादातर लोग खुशहाल बन सकते हैं। इस सुन्दर दुनिया को हासिल करने के लिए वे किसी वर्ग संघर्ष बढ़ाने या क्रांति की वकालत नहीं करते। बल्कि वे कुछ नुस्खे सुझाते हैं जिस पर चल कर मौजूदा पूंजीवादी-साम्राज्यवादी दुनिया को ही खुशनुमा बनाया जा सकता है। 

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।