राजनीति और धर्म

वर्तमान इजरायल-फिलीस्तीनी जंग को हिन्दू फासीवादियों ने यहूदी बनाम मुसलमान का रूप देते हुए सारे मुसलमानों को एक खास रंग में रंगने कोशिश की और प्रकारांतर से हिन्दुओं को उनसे सावधान रहने का आह्वान किया। इस जंग के शुरूआती दो-तीन हफ्तों में इसमें पूंजीवादी प्रचारतंत्र की विशेष रुचि इसी अभियान के तहत थी। वैसे यूरोप-अमेरिका के इसाई फासीवादियों ने भी कुछ ऐसा ही करने का प्रयास किया। 
    
लेकिन आज की दुनिया पर बस एक नजर डालते ही इस प्रचार की सच्चाई सामने आ जाती है। यह निरा दुष्प्रचार साबित होता है- कुटिल मंशा से चलाया जा रहा दुष्प्रचार। 
    
इजरायल-फिलीस्तीन जंग से करीब डेढ़ साल पहले रूस-यूक्रेन की जंग शुरू हुई थी। इसमें युद्धरत दोनों देश एक ही धर्म के मानने वालों के देश थे- ग्रीक आर्थोडाक्स चर्च। यानि यहां एक ही धर्म के दो संप्रदायों का भी फर्क नहीं था। यूक्रेन के पीछे खड़े थे वे देश जहां ज्यादातर इसाई धर्म के दो अन्य सम्प्रदायों के मानने वाले लोग रहते हैं- कैथोलिक और प्रोटेस्टेन्ट। रूस का समर्थन करने वाले देशों में इस्लाम, बौद्ध तथा इसाई सभी थे। 
    
आगे चलें। आज करीब एक दशक से लीबिया, यमन और सीरिया आंतरिक युद्ध से तार-तार हैं, खासकर लीबिया और यमन। इनमें युद्धरत सारे पक्ष मुसलमान हैं। कोई कह सकता है कि यमन में बाहर से एक ओर शिया इरान तथा दूसरी ओर से सुन्नी सऊदी अरब लगे हुए हैं पर लीबिया और सीरिया के बारे में तो यह भी नहीं कहा जा सकता। 
    
तीसरा उदाहरण लें। आज कुर्द लोग चार देशों में विभाजित हैं- तुर्की, सीरिया, इरान और इराक। कुर्द स्वयं मुसलमान हैं और ये चारों देश भी मुस्लिम बहुल। तुर्की और सीरिया सुन्नी बहुल हैं तो इरान और इराक शिया बहुल। 
    
उपरोक्त दोनों उदाहरणों को हिन्दू फासीवादी यह कहते हुए लपक लेंगे कि ये दिखाते हैं कि मुसलमान आपस में भी लड़ते हैं और बाकी दुनिया से भी। वे शांति के लिए खतरा हैं। तो फिर उत्तरी कोरिया और दक्षिण कोरिया के टकराव को कैसे लिया जाये जो पिछले पचहत्तर साल से औपचारिक तौर पर युद्ध की अवस्था में हैं तथा बस युद्ध विराम चल रहा है। दोनों भाषा-बोली, संस्कृति, धर्म सभी में एक हैं। उत्तरी कोरिया का समर्थक रूस है जहां ग्रीक आर्थोडाक्स इसाई बसते हैं तथा दक्षिणी कोरिया का समर्थक सं.रा.अमेरिका है जहां ज्यादातर प्रोटेस्टेन्ट इसाई बसते हैं। इसके बरक्स उत्तरी कोरिया का समर्थन करने वाले चीन में भी बौद्ध हैं और दक्षिणी कोरिया का समर्थन करने वाले जापान में भी। 
    
अब अपने पड़ोस को देखें। राजशाही वाले नेपाल को हिन्दू फासीवादी दुनिया का एकमात्र हिन्दू राष्ट्र बताते थे। वे वहां राजशाही के उत्साही समर्थक थे। इस समय इस हिन्दू बहुल देश का हिन्दू बहुल भारत से क्या संबंध है? पहले की तुलना में यह आज सौहार्दपूर्ण नहीं है। भारतीयों की दादागिरी से तंग आकर नेपाल ने चीन की ओर हाथ बढ़ाये और आज वह दोनों का फायदा उठा रहा है। भारत अब वहां अपनी धौंस पट्टी नहीं चला पाता। 
    
पड़ोस का दूसरा उदाहरण यानी पाकिस्तान तो इस बात का सबसे जीता-जागता उदाहरण है कि धर्म राष्ट्रीयता का आधार नहीं बन सकता। धर्म के आधार पर बना पाकिस्तान बाद में दो हिस्सों में टूट गया और बाकी बचा पाकिस्तान आज भी सिंधी, बलूची, पंजाबी राष्ट्रीयताओं के टकराव में उलझा है। 
    
आधुनिक दुनिया में यदि धर्म राष्ट्रीयता का आधार होता तो सारे इसाई, मुसलमान, बौद्ध इत्यादि एक ही राष्ट्र में रह रहे होते। पर ऐसा नहीं है। यह इसीलिए ऐसा नहीं है कि राष्ट्र का आधार धर्म नहीं होता। राष्ट्र का आधार भाषा, संस्कृति और अर्थव्यवस्था होती है। इसीलिए एक ही धर्म के मानने वाले लोग कई राष्ट्रों में बंट जाते हैं। नेपाल के हिन्दू कभी इस कारण नेपाल का भारत में विलय नहीं करना चाहेंगे कि भारत एक हिन्दू बहुल बड़ा देश है। 
    
इसीलिए हिन्दू फासीवादियों द्वारा इजरायल-फिलिस्तीन जंग को राष्ट्रीयता की जंग के बदले धार्मिक जंग के रूप में पेश करना परले दरजे की धूर्तता है। यह वही कुटिलता है जो भारत को हिन्दू राष्ट्र घोषित करने की मांग करती है, इस आधार पर कि यहां ज्यादातर लोग हिन्दू रहते हैं। 
    
राष्ट्र और उसकी अवधारणा दोनों आधुनिक जमाने की चीज हैं, पूंजीवादी जनतंत्र की तरह। दोनों ही इस सोच पर टिके हैं कि धर्म व्यक्ति का निजी मामला है और उसे राजनीति से बाहर रखा जाना चाहिए। हिन्दू फासीवादियों द्वारा धर्म को राजनीति में घसीटने का प्रयास यह दिखाता है कि वे घोर पुरातनपंथी और दकियानूसी हैं। वे आधुनिक समाज के दुश्मन हैं। 

आलेख

/punjivadi-jantantra-and-chunavi-corruption

अठारहवीं सदी के इंग्लैण्ड में होने वाले चुनावी भ्रष्टाचार पर गूगल से ‘सर्च’ करने पर उसका ए आई स्वतः ही यह जवाब हाजिर कर देता हैः 

/election-aayog-hindu-fascist-and-loktantra

एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं की कटौती की गई। अब तक 13 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। जबकि 5-6 करोड़ लोगों को संदेह की आड़ में नोटिस भेजे गए। 13 करोड़ में से 70 प्रतिशत वो लोग थे जिन्हें स्थानांतरित या अनुपस्थित बता दिया गया। इस तरह बड़े स्तर पर मनमानी छंटनी की जा रही है। इसमें सबसे बड़ी संख्या अल्पसंख्यक, दलित, आदिवासी, महिलाओं और मलिन बस्तियों में रहने वालों की है।

/uddharak-ideology-ki-talaas

इस मजदूर आंदोलन की विचारधारा मार्क्सवाद का यह स्पष्ट कहना था कि महान फ्रांसीसी क्रांति के जमाने से ही पूंजीपति वर्ग ने अपने समाज के लिए जो आदर्श घोषित कर रखा है- स्वतंत्रता, समता, बंधुत्व का आदर्श- वह पूंजीवाद की निजी सम्पत्ति के कारण कभी भी हासिल नहीं किया जा सकता। पूंजी के रूप में निजी सम्पत्ति के रहते स्वतंत्रता का मतलब होगा बाजार में खरीद-बेच की स्वतंत्रता, समता का मतलब होगा बाजार में खरीददार व विक्रेता की समता तथा बंधुत्व का मतलब होगा खरीद-बेच की व्यवस्था पर सहमति।

/war-and-diplomacy-uthal-puthal-se-bhari-duniyaa

गाजापट्टी में इजरायल की कत्लेआम करने की मुहिम जारी है। इजरायली यहूदी नस्लवादी न तो किसी समझौते को मान रहे हैं और न ही वे अपनी विनाश लीला को रोक रहे हैं। वे नस्लीय सफाये की मुहिम चला रहे हैं। इसके जवाब में हमास और अन्य प्रतिरोध संगठन इजरायली कब्जाकारी सेना पर प्रहार कर रहे हैं। 

/amerika-ka-iran-par-operation-d-day-hatasha-ka-parinam

अपने व्यापक नुकसान को देखते हुए अमरीकी साम्राज्यवादियों ने अप्रैल महीने में युद्ध विराम किया और फिर पाकिस्तान की मध्यस्थता में एक ज्ञापन समझौता किया। इस ज्ञापन समझौते में अधिकांशतः ईरान की मांगें स्वीकार की गयीं। यह वस्तुतः अमरीका की पराजय थी। इस समझौते के थोड़े ही दिनों बाद अमरीका ने इसका उल्लंघन शुरू कर दिया। इजरायल ने एक भी दिन इस समझौते को नहीं माना।