मजदूरों की न्यायपूर्ण आवाज दमन से नहीं दबेगी

Published
Fri, 05/01/2026 - 15:50
/workers-ki-nyaypurn-awaz-daman-se-nahin-dabegi

वेतन बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर पैदा हुआ भारत के मजदूरों का उभार लगातार जारी है। हरियाणा, उ.प्र., राजस्थान, उत्तराखण्ड, पंजाब आदि राज्यों में फैलते हुए यह लगभग समूचे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले चुका है। सरकारें हरियाणा-उ.प्र. के बाद बाकी जगह भी मजदूरों को दमन के डंडे से हांकने की कोशिशें कर रही हैं। जगह-जगह मजदूरों-मजदूर कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां की जा रही हैं। मजदूरों के संघर्ष को पाकिस्तानी साजिश, नक्सली षड्यंत्र, विकास विरोधी करार दे लांक्षित करने की सरकार-पूंजीपतियों की कोशिशें लगातार जारी हैं। 
    
एक हजार से अधिक मजदूरों-कार्यकर्ताओं को जेलों में ठूंसने के बावजूद मजदूर आक्रोश की लहर चेन रिएक्शन की तरह एक शहर से दूसरे शहर फैलती जा रही है। सरकार-प्रशासन की दमन की हर हरकत मजदूरों के गुस्से को और भड़का रही है। 
    
भारी महंगाई, आसमान छूती रसोई गैस की कीमतों के बीच भुखमरी के स्तर के वेतन पर गुजारा करते मजदूरों की पीड़़ा का ज्वालामुखी एक न एक दिन फूटना ही था और वह अप्रैल माह में एक झटके के साथ फूट पड़ा। सरकारों ने नाम मात्र की वेतन बढ़ोत्तरी कर इस ज्वालामुखी को थामने का प्रयास किया। पर मजदूरों का आक्रोश थामने में वह विफल रही। दमन-जेलें व लांक्षित करने की कार्यवाहियां भी किसी काम नहीं आयीं। उल्टा ये संघर्ष को और विस्तारित करने का जरिया बन गयीं। 
    
संघी शासकों की चहेती साम्प्रदायिक वैमनस्य पैदा करती लम्पटों की भीड़़ की जगह अप्रैल माह में अपने हक-हकूक की आवाज उठाते मजदूरों की आवाज ज्यादा मुखर होती गयी। मजदूरों की इस आवाज में सभी धर्मों-जातियों-लिंग-उम्र के लोग शामिल थे। साम्प्रदायिक उन्माद की जगह मजदूर आवाज हर ओर सुनाई देने लगी। नफरत फैलाने वाले और हिन्दू-मुसलमान झगड़ा पैदा करने वाले लम्पटों को अपने बिलों में दुबकना पड़़ा। 
    
भले ही मजदूर एक-एक फैक्टरी, एक-एक शहर होते हुए सड़कों पर उतर रहे हैं पर वेतन वृद्धि की समान मांग ने इस मजदूर एकजुटता को एक हद तक वर्ग के तौर पर एकजुटता में बदल दिया। इस संघर्ष में मजदूरों ने अपनी ताकत को कुछ हद तक पहचाना। उन्होंने सरकार-पुलिस-प्रशासन का पूंजीपरस्त चेहरा देखा। उन्होंने आंदोलन को बदनाम करने वाले पूंजीवादी मीडिया को जाना। अदालतों में मजदूरों की जमानत अर्जी खारिज करती न्यायपालिका का रुख भी समझा। उन्होंने बयानबाजी तक सीमित पूंजीवादी पार्टियों को भी पहचाना तो केन्द्रीय ट्रेड यूनियन फेडरेशनों की निष्क्रियता को भी देखा। इसी तरह मजदूरों ने अपने पक्ष में खड़े छात्रों-युवाओं-किसानों व अन्य मेहनतकश तबकों-जनपक्षधर-बुद्धिजीवियों-वकीलों को देखा। कुल मिलाकर बेहद कम समय में अपने दोस्त व दुश्मनों को मजदूर पहचानने योग्य बन गये। 
    
मजदूरों के इस स्वतः स्फूर्त उभार के वक्त सबसे अधिक आवश्यकता इस उभार को संगठित करने व क्रांतिकारी दिशा में मोड़ने की है। संगठित रूप ग्रहण कर यह उभार वर्तमान ताकत से कई गुना ताकतवर बन सकता है। पूंजी की संगठित ताकत के सामने अकेला-अकेला मजदूर कुछ नहीं है। पर एक वर्ग के बतौर एकजुटता कायम कर और अपनी क्रांतिकारी विचारधारा पर खड़ा हो मजदूर वर्ग समाज की सबसे क्रांतिकारी ताकत में बदल सकता है। ऐसा होने पर वह दुनिया को उलट-पुलट सकता है। 
    
जरूरत है कि मजदूर वर्ग पूंजीवादी व्यवस्था और उसके हर अंग की मजदूर विरोधी हकीकत को पहचाने। इस सच्चाई को पहचाने कि पूंजीवादी व्यवस्था के रहते उसकी गुलामी सरीखी जीवन परिस्थितियां बदल नहीं सकतीं। कि मजदूर वर्ग की मुक्ति पूंजीवादी व्यवस्था के खात्मे व समाजवादी व्यवस्था की स्थापना के जरिये वर्गविहीन शोषणविहीन समाज कायम करने से होगी। धरती पर समाजवाद-साम्यवाद कायम करना ही मजदूर वर्ग का ऐतिहासिक मिशन है। इस मिशन की दिशा में बढ़ने के लिए मजदूर वर्ग को अपनी क्रांतिकारी पार्टी में संगठित होना होगा। 
    
भारत का मजदूर वर्ग पिछले कुछ दशकों में अपने बड़े उभारों में से एक से गुजर रहा है। वह कई दशकों से पूंजी द्वारा श्रम पर किये जा रहे हमलों का प्रत्युत्तर दे रहा है। उसकी पहलकदमी लुटेरे पूंजीवादी शासकों-पूंजीपतियों के दिलों में भय पैदा कर रही है। यह भय मजदूरों का खून-पसीना निचोड़कर बनाये गये उनके महल-दौलत, उनके स्वर्ग के छिन जाने का है। इसीलिए वे वहशी दरिंदों की तरह अपनी समूची राजसत्ता की ताकत के साथ मजदूर संघर्ष के दमन में जुटे हैं। 
    
ऐसे में जरूरी है कि इस पहलकदमी को न सिर्फ बरकरार रखा जाये बल्कि सही दिशा की ओर बढ़ाने के पूरे प्रयास किये जायें। 

आलेख

/punjivadi-jantantra-and-chunavi-corruption

अठारहवीं सदी के इंग्लैण्ड में होने वाले चुनावी भ्रष्टाचार पर गूगल से ‘सर्च’ करने पर उसका ए आई स्वतः ही यह जवाब हाजिर कर देता हैः 

/election-aayog-hindu-fascist-and-loktantra

एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं की कटौती की गई। अब तक 13 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। जबकि 5-6 करोड़ लोगों को संदेह की आड़ में नोटिस भेजे गए। 13 करोड़ में से 70 प्रतिशत वो लोग थे जिन्हें स्थानांतरित या अनुपस्थित बता दिया गया। इस तरह बड़े स्तर पर मनमानी छंटनी की जा रही है। इसमें सबसे बड़ी संख्या अल्पसंख्यक, दलित, आदिवासी, महिलाओं और मलिन बस्तियों में रहने वालों की है।

/uddharak-ideology-ki-talaas

इस मजदूर आंदोलन की विचारधारा मार्क्सवाद का यह स्पष्ट कहना था कि महान फ्रांसीसी क्रांति के जमाने से ही पूंजीपति वर्ग ने अपने समाज के लिए जो आदर्श घोषित कर रखा है- स्वतंत्रता, समता, बंधुत्व का आदर्श- वह पूंजीवाद की निजी सम्पत्ति के कारण कभी भी हासिल नहीं किया जा सकता। पूंजी के रूप में निजी सम्पत्ति के रहते स्वतंत्रता का मतलब होगा बाजार में खरीद-बेच की स्वतंत्रता, समता का मतलब होगा बाजार में खरीददार व विक्रेता की समता तथा बंधुत्व का मतलब होगा खरीद-बेच की व्यवस्था पर सहमति।

/war-and-diplomacy-uthal-puthal-se-bhari-duniyaa

गाजापट्टी में इजरायल की कत्लेआम करने की मुहिम जारी है। इजरायली यहूदी नस्लवादी न तो किसी समझौते को मान रहे हैं और न ही वे अपनी विनाश लीला को रोक रहे हैं। वे नस्लीय सफाये की मुहिम चला रहे हैं। इसके जवाब में हमास और अन्य प्रतिरोध संगठन इजरायली कब्जाकारी सेना पर प्रहार कर रहे हैं। 

/amerika-ka-iran-par-operation-d-day-hatasha-ka-parinam

अपने व्यापक नुकसान को देखते हुए अमरीकी साम्राज्यवादियों ने अप्रैल महीने में युद्ध विराम किया और फिर पाकिस्तान की मध्यस्थता में एक ज्ञापन समझौता किया। इस ज्ञापन समझौते में अधिकांशतः ईरान की मांगें स्वीकार की गयीं। यह वस्तुतः अमरीका की पराजय थी। इस समझौते के थोड़े ही दिनों बाद अमरीका ने इसका उल्लंघन शुरू कर दिया। इजरायल ने एक भी दिन इस समझौते को नहीं माना।