अब अपने खुदा की इबादत भी इन्हें मंजूर नहीं

उ.प्र. में योगी सरकार मुसलमानों पर क्रूर हमलों, बुलडोजर कार्यवाही के लिए कुख्यात रही है। भारत के कानून-न्याय प्रणाली को  धता बता कर योगी सरकार मुसलमानों को सबक सिखाने के इरादे से काम करती रही है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा फटकार के बावजूद यह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। इसी कड़ी में जब मुसलमान समुदाय के लोगों ने कानपुर से शुरू कर अलग-अलग जगहों पर ‘आई लव मोहम्मद’ के नारे के तहत गोलबंदी के प्रयास किये तो योगी सरकार उन पर ऐसे टूट पड़ी मानो वे अपने खुदा की नहीं बल्कि किसी देश के दुश्मन की जय जयकार कर रहे हों। एक बार फिर अंधाधुंध युवाओं की गिरफ्तारी-टार्चर, बुलडोजर की तोड़-फोड़ में योगी सरकार जुट गयी। खुद योगी प्रदर्शन को सात पीढ़ियों तक याद रखने वाला सबक सिखाने की भाषा पर उतर आये। अगर किसी राज्य का मुख्यमंत्री अपनी जनता से इस भाषा में बात करने लगे तो उसके शासन के असली चरित्र को समझा जा सकता है। 
    
कानपुर से लेकर बरेली तक ‘आई लव मोहम्मद’ के नारे की शुरूवात करने वाले चाहे जो भी लोग हों व वे जिस भी मंशा से इस नारे पर गोलबंदी कर रहे हों पर संघ-भाजपा को शायद अब यह भी बर्दाश्त नहीं है कि मुसलमान अपने खुदा से अपने प्रेम की घोषणा करें। उन्हें इसमें भी षड्यंत्र, दंगे की बू आने लगी और योगी सरकार सारे कायदे-कानून को ताक पर रख ‘सबक’ सिखाने में जुट गयी। कहीं बगैर अनुमति जुटान का तो कहीं पथराव का आरोप लगा लाठियां भांजी गयी-गिरफ्तारी की गयी। सैकड़ों युवाओं का पुलिसिया टार्चर किया गया और फिर बुलडोजर भी भला कहां पीछे रहता। तरह-तरह के कानूनी पेंचों का इस्तेमाल कर उसे भी विध्वंस के लिए उतार दिया गया। 
    
यहां यह भी ध्यान में रखा जाना चाहिए कि किसी भी धार्मिक नारे के तहत की जाने वाली  धार्मिक लामबंदी कहीं से भी प्रगतिशील कदम नहीं है। यह धार्मिक गोलबंदी जहां एक ओर मुस्लिम समुदाय को कट्टरपंथियों कठमुल्लाओं के चंगुल में ढकेलती है वहीं दूसरी ओर यह अपनी बारी में हिन्दू साम्प्रदायिक तत्वों को भी खाद-पानी मुहैय्या कराती है। जहां अल्पसंख्यक धार्मिक गोलबंदी अलगाववाद- आतंकवाद की ओर ले जा सकती है वहीं बहुसंख्यक  धार्मिक गोलबंदी फासीवाद की ओर बढ़ने की संभावना लिए होती है। दोनों तरह की साम्प्रदायिकता एक-दूसरे को मजबूत करने का साधन बन जाती है। 
    
इसीलिए अल्पसंख्यकों पर संघी हमले का मुकाबला किसी किस्म की धार्मिक गोलबंदी से नहीं बल्कि सभी धर्मों के मेहनतकशों की एकता व फासीवादी ताकतों से संघर्ष से ही किया जा सकता है।
    
योगी शासन में अपने इस आतंक के जरिये संघ-भाजपा मुसलमानों को दोयम दर्जे का नागरिक पहले ही बना चुकी है। अब वह उनसे अपने खुदा की इबादत की जनवादी स्वतंत्रता भी छीनने पर उतारू है। या फिर मानो उसने तय कर लिया है कि सड़कें कांवड़ यात्रा, रामनवमी-हनुमान जयंती-दुर्गा पूजा आदि-आदि हिन्दू त्यौहारों के लिए ही हैं कि सड़कों पर अब मुसलमान अपना जुटान नहीं कर सकते। 
    
कांवड़ यात्रा पर फूलों की बरसात व मुसलमानों के जुलूस पर लाठी-गोली-गिरफ्तारी बुलडोजर आज यही उ.प्र. की हकीकत है। संघी लंपट कांवड़ यात्रा में हुड़दंग, गौरक्षा के नाम पर गुण्डागर्दी, दलितों-महिलाओं पर अत्याचार के लिए स्वतंत्र हैं पर मुसलमान समुदाय को सड़क पर नमाज पढ़ने तक पर भी पीटा जा रहा है। इस तरह उ.प्र. संघ की ‘हिन्दू राष्ट्र’ की नयी प्रयोगशाला बनता जा रहा है। 
    
उत्तराखण्ड में योगी की नकल करती  धामी सरकार ने ऐसा ही दमन चक्र काशीपुर शहर में रच डाला। यहां मुसलमानों के जुलूस को रोकने वाले पुलिसवाले को कुछ लोगों द्वारा पीटने की कार्यवाही ने पुलिस-प्रशासन को अतिरिक्त दमन का मौका दे दिया। समूचे मुस्लिम मोहल्ले को पुलिस छावनी में बदल दिया गया। गिरफ्तारी-टार्चर का दौर जारी है।
    
मोदी-योगी-धामी सरकार भूल जाती है कि दमन से हक-हकूक की आवाज कुछ वक्त के लिए शांत तो की जा सकती है पर खत्म नहीं की जा सकती। आने वाले वक्त में दमन से जनता के दिलों में इकट्ठा हो रहा आक्रोश जिस दिन फूट पड़ेगा उस दिन संघी ताकतों को पूछने वाला कोई नहीं होगा।  

आलेख

/west-asia-mein-badalata-shakti-santulan-samajhautaa-gyapan-ke-baad-ki-sthiti

अमरीकी साम्राज्यवादी और इजरायली शासक सोचते थे कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व का सफाया करने के बाद ईरानी जनता अपनी सत्ता के विरुद्ध उठ खड़ी होगी और इसका फायदा उठाते हुए अमरीकी साम्राज्यवादी अपनी किसी कठपुतली को सत्ता में स्थापित कर देंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ईरानी अवाम अपनी सत्ता के समर्थन में मजबूती से खड़ी हो गई। यहां से अमरीकी साम्राज्यवादियों को समझ में आ गया कि वे ईरान पर कब्जा नहीं कर सकते।

/war-anay-sadhanon-se-politics-ka-hi-jaari-roop-hai

अमेरिकी साम्राज्यवादी पश्चिम एशिया में और सारी दुनिया में अपनी साम्राज्यवादी जकड़न को खत्म नहीं होने देना चाहेंगे। वे इसके खिलाफ हर संभव प्रयास करेंगे। एक हमले में मुंह की खाने के बाद वे सबक लेकर आगे हमला करने से तौबा नहीं करेंगे। यह उनकी साम्राज्यवादी फितरत के खिलाफ होगा। यानी वे ईरान पर काबू पाने के लिए दूसरे तरीकों की खोज में लग जायेंगे।

/emerjency-tab-aur-ab

पिछले दस-बारह सालों में हिन्दू फासीवादियों ने इस अनौपचारिक आपातकाल की शैली को काफी विकसित किया है। कहां किस छेद का इस्तेमाल करना है, इसमें उन्होंने महारत हासिल की है। इनके इस कृत्य में न्यायपालिका की सहभागिता से यह काम और आसान हो गया है। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनर्रीक्षण इस सबका विशिष्ट उदाहरण है।

/piketi-ka-global-justice-project-samraajyavad-ki-pairokari

जैसा कि इंटरव्यू के शीर्षक से स्पष्ट है कि पिकेटी एक ऐसी दुनिया का ख्वाब परोसते हैं जिसमें बगैर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाये ज्यादातर लोग खुशहाल बन सकते हैं। इस सुन्दर दुनिया को हासिल करने के लिए वे किसी वर्ग संघर्ष बढ़ाने या क्रांति की वकालत नहीं करते। बल्कि वे कुछ नुस्खे सुझाते हैं जिस पर चल कर मौजूदा पूंजीवादी-साम्राज्यवादी दुनिया को ही खुशनुमा बनाया जा सकता है। 

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।