मानेसर के मज़दूर संघर्षों में हरियाणा सरकार का दोहरा चरित्र उजागर

Published
Sun, 01/04/2026 - 15:50
/manesar-ke-majadoor-sangharson-mein-harayana-sarakar-ka-dohara-charitra-ujagar

एक तरफ न्यूनतम वेतन का नोटिफिकेशन दूसरी तरफ मज़दूरों का बर्बर दमन

आई एम टी मानेसर में 2 अप्रैल से न्यूनतम वेतन लागू करने के लिए चल रहे मज़दूर संघर्षों के दौरान हरियाणा की भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र एक बार फिर उजागर हुआ। मज़दूर संघर्षों के दबाव में एक तरफ जहाँ सरकार को न्यूनतम वेतन का नोटिफिकेशन जारी करने की घोषणा करनी पड़ी। वहीं दूसरी तरफ मज़दूरों का 9 अप्रैल को भारी पैमाने पर दमन किया गया। इस दौरान पुलिस ने 56 मज़दूरों को गिरफ्तार किया है जिसमें 20 महिला मज़दूर हैं।

9 अप्रैल को पुलिस ने मज़दूरों के खिलाफ दो एफ आई आर दर्ज़ की हैं। एक एफ आई आर संख्या 95 है। यह एफ आई आर मॉडेलम कम्पनी के एच आर की सूचना पर की गयी है। इसमें पुलिस ने 45 मज़दूरों को गिरफ्तार किया है। दूसरी एफ आई आर रिचा ग्लोबल के एच आर की तरफ से दर्ज़ की गयी है। इसमें 11 मज़दूर हैं। इस एफ आई आर में मज़दूरों पर आगजनी 326 (f) और हत्या के प्रयास के 105 (1) के तहत भी मुकदमा दर्ज़ किया गया है। इसके साथ ही दोनों एफ आई आर में सरकारी काम में व्यवधान डालने, अवैध सभा करने, सम्पत्ति को नुकसान पहुँचाने, षडयंत्र, बलवा-दंगा करने, आदेश न मानने, चोट पहुँचाने आदि धाराओं को जोड़ा गया है।

10 अप्रैल को पुलिस ने सभी मज़दूरों को कोर्ट में पेश किया। यहाँ 11 मज़दूरों (जिन पर आगजनी और हत्या के प्रयास का मुकदमा है) को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में और बाकी 45 मज़दूरों को रविवार 12 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सोमवार को इन मज़दूरों की जमानत याचिका पर सुनवाई की जायेगी।

अब सवाल यह उठता है कि आखिर मज़दूर संघर्ष को मज़बूर क्यों हुए। दरअसल हरियाणा सरकार को 2020 में ही नये वेतनमान की घोषणा करनी थी लेकिन 10 साल बाद हरियाणा की भाजपा सरकार को वेतन बढ़ाने की याद आयी। 29 दिसंबर 2025 को सरकार, पूंजीपतियों के प्रतिनिधि और मज़दूर प्रतिनिधियों की एक बैठक में 23,196₹ न्यूनतम वेतन लागू करने पर सहमति बनी (हालांकि मज़दूर संगठन 26,000₹ न्यूनतम वेतन लागू करने की बात कर रहे थे)। लेकिन 2 मार्च 2026 को बजट के दौरान विधानसभा में 15,220₹ की घोषणा सरकार ने की। लेकिन इस पर भी सरकार ने कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया। वेतन बढ़ाने का सरकारी प्रचार जारी रहा।

पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे मज़दूरों पर दोहरी मार ईरान और अमेरिका-इज़रायल युद्ध के दौरान पड़ी। गैस के आसमान छूते दाम और गैस की किल्लत ने उनके धैर्य को खत्म कर दिया। जब 1 अप्रैल को भी फैक्टरी में वेतन बढ़ोत्तरी के नोटिस नहीं लगे तो 2 अप्रैल से एक के बाद एक फैक्टरी में आंदोलन शुरू हो गये। पहले होंडा, फिर मुंजाल शोवा उसके बाद सत्यम ऑटो और उसके बाद रूप पॉलीमर, फोर्ज़, सरिता हांडा, प्रिकोल, रिचा ग्लोबल, मॉडेलम, रिचाको, सिरमा एस जी एस, आदि कम्पनियां। 7 अप्रैल को गुडगाँव प्रशासन ने धारा 163 लगाकर मज़दूरों के संघर्ष थामने की कोशिश की लेकिन मज़दूर नहीं रुके। तब जाकर सरकार को न्यूनतम वेतन का नोटिफिकेशन जारी करने की घोषणा करनी पड़ी। लेकिन मज़दूरों को सरकार की घोषणा पर कोई यकीन नहीं था। वे लगातार सरकार की फ़र्ज़ी घोषणाओं के बारे में सुनते रहते हैं। मज़दूरों का कहना था कि फैक्टरी मालिक अपने यहाँ नोटिस बोर्ड पर यह सूचना चस्पा करें।

इसके साथ ही और भी घटनायें घटीं जिन्होंने मज़दूरों को अपना संघर्ष जारी रखने को मज़बूर किया हालाँकि ये शांतिपूर्ण प्रदर्शन थे। कई जगह मज़दूरों को फैक्टरी में जबरन काम करने तो कहीं मज़दूरों को काम पर न लेने की सूचना मिली। इधर सरकार के आदेश पर पुलिस भी मज़दूरों पर लाठीचार्ज करने और मज़दूरों को गिरफ्तार करने लगी। कई मज़दूरों को गंभीर चोट आयी हैं। एक मज़दूर का सिर फटने का विडिओ भी सामने आया है।

न्यायालय भी आज पूंजीपतियों की सेवा में नतमस्तक है। कुछ दिनों पहले मारुति सुजुकी के एक मज़दूर के संबंध में फैसला देते हुए कहा था कि आज की ट्रम्पियन दुनिया में भीषण गलाकाटू प्रतियोगिता के दौर में अगर देश का विकास करना है तो मज़दूरों को अनुशासन में रखना आवश्यक है। मज़दूरों को अपने अधिकारों की आड़ में अनुशासनहीनता नहीं करने दी जा सकती। इस फैसले का साफ संदेश था कि मज़दूरों को अब अपने अधिकारों के तहत सभा करने, धरना देने आदि की इज़ाज़त सरकार नहीं देगी। गुडगाँव के पुलिस के एक आला अफसर ने तो यहाँ तक कहा कि मज़दूर संगठनों को अब मज़दूरों की सहायता करने और उनको संगठित करने नहीं दिया जायेगा। और ऐसे लोगों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

यानी चित भी मेरी और पट भी मेरी। यानी सरकार और पूंजीपति मिलकर मज़दूरों का शोषण करेंगे और मज़दूरों को अपनी आवाज़ भी नहीं उठाने दी जाएगी।

आलेख

/west-asia-mein-badalata-shakti-santulan-samajhautaa-gyapan-ke-baad-ki-sthiti

अमरीकी साम्राज्यवादी और इजरायली शासक सोचते थे कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व का सफाया करने के बाद ईरानी जनता अपनी सत्ता के विरुद्ध उठ खड़ी होगी और इसका फायदा उठाते हुए अमरीकी साम्राज्यवादी अपनी किसी कठपुतली को सत्ता में स्थापित कर देंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ईरानी अवाम अपनी सत्ता के समर्थन में मजबूती से खड़ी हो गई। यहां से अमरीकी साम्राज्यवादियों को समझ में आ गया कि वे ईरान पर कब्जा नहीं कर सकते।

/war-anay-sadhanon-se-politics-ka-hi-jaari-roop-hai

अमेरिकी साम्राज्यवादी पश्चिम एशिया में और सारी दुनिया में अपनी साम्राज्यवादी जकड़न को खत्म नहीं होने देना चाहेंगे। वे इसके खिलाफ हर संभव प्रयास करेंगे। एक हमले में मुंह की खाने के बाद वे सबक लेकर आगे हमला करने से तौबा नहीं करेंगे। यह उनकी साम्राज्यवादी फितरत के खिलाफ होगा। यानी वे ईरान पर काबू पाने के लिए दूसरे तरीकों की खोज में लग जायेंगे।

/emerjency-tab-aur-ab

पिछले दस-बारह सालों में हिन्दू फासीवादियों ने इस अनौपचारिक आपातकाल की शैली को काफी विकसित किया है। कहां किस छेद का इस्तेमाल करना है, इसमें उन्होंने महारत हासिल की है। इनके इस कृत्य में न्यायपालिका की सहभागिता से यह काम और आसान हो गया है। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनर्रीक्षण इस सबका विशिष्ट उदाहरण है।

/piketi-ka-global-justice-project-samraajyavad-ki-pairokari

जैसा कि इंटरव्यू के शीर्षक से स्पष्ट है कि पिकेटी एक ऐसी दुनिया का ख्वाब परोसते हैं जिसमें बगैर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाये ज्यादातर लोग खुशहाल बन सकते हैं। इस सुन्दर दुनिया को हासिल करने के लिए वे किसी वर्ग संघर्ष बढ़ाने या क्रांति की वकालत नहीं करते। बल्कि वे कुछ नुस्खे सुझाते हैं जिस पर चल कर मौजूदा पूंजीवादी-साम्राज्यवादी दुनिया को ही खुशनुमा बनाया जा सकता है। 

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।